भारत ने घरेलू मैदान पर श्रीलंका को लगातार छठे मैच में हराया, इंदौर में दूसरी जीत दर्ज की

1

खेल डेस्क. भारत ने श्रीलंका को तीन टी-20 की सीरीज के दूसरे मैच में सात विकेट से हरा दिया। मंगलवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 142 रन बनाए। भारतीय टीम ने 17.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर श्रीलंकाई टीम को लगातार छठे मैच में हराया। उसे पिछली बार 2016 में पुणे में 5 विकेट से हार मिली थी। भारत इस जीत के साथ ही सीरीज में 1-0 से आगे हो गया। दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिरी मैच 10 जनवरी को पुणे में खेला जाएगा।

दोनों टीमों इस मैदान पर दूसरी बार आमने-सामने थीं। इससे पहले दिसंबर 2017 में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 88 रन से हराया था। भारत के लिए उस मैच में राहुल ने 89 रन की पारी खेली थी।

कोहली के कप्तान के तौर पर 1000 रन पूरे

भारत के लिए लोकेश राहुल ने 45, श्रेयस अय्यर ने 34, शिखर धवन ने 32 और कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 30 रन बनाए। ऋषभ पंत भी एक रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली ने अपनी पारी के दौरान कप्तान के तौर पर टी-20 में 1000 रन पूरे किए। श्रीलंका के लिए हसरंगा ने दो विकेट लिए।

राहुल-धवन ने अर्धशतकीय साझेदारी की
राहुल ने 32 गेंद की पारी में छह चौके लगाए। उन्हें हसरंगा ने बोल्ड किया। राहुल ने धवन के साथ पहले विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की। धवन को हसरंगा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। श्रेयस अय्यर ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाए। उन्होंने 26 गेंद की पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। उन्हें लहिरू कुमारा ने शनाका के हाथों कैच कराया। कोहली ने 17 गेंद की पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए। कोहली-अय्यर ने भी तीसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की।

श्रीलंका के लिए कुशल परेरा ने सबसे ज्यादा रन बनाए

श्रीलंका के लिए कुशल परेरा ने सबसे ज्यादा 34 रन की पारी खेली। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट अपने नाम किया। उन्होंने 19वें ओवर में तीन विकेट लिए। उन्होंने धनंजय डी सिल्वा (17), इसुरू उडाना (1) और लसिथ मलिंगा (0) को आउट किया।

सैनी ने गुणतिलका और शनाका को आउट किया

कुसल परेरा ने 28 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के लगाए। कुलदीप की गेंद पर शिखर धवन ने उनका कैच लिया। दसुन शनाका (9) को नवदीप सैनी ने पंत के हाथों कैच कराया। दसुन शनाका (7) को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड किया। अविष्का फर्नांडो 16 गेंद पर 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दनुष्का गुणतिलका (20) को नवदीप सैनी ने बोल्ड कर दिया। ओशादा फर्नांडो को कुलदीप यादव ने पवेलियन भेजा। वे 9 गेंद पर 10 रन बनाकर ऋषभ पंत के हाथों स्टंप आउट हो गए।

वेब पोर्टल चैनल इन चीफ विनोद शर्मा

Discussion1 Comment

Leave A Reply